नई दिल्ली::भाजपा ने दिल्ली के शराब घोटाले को भ्रष्टाचार या घोटाले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण और गंभीर मसला बताते हुए आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल सरकार ने दिल्ली के युवाओं को नशे की लत में धकेलने का षड्यंत्र रचा था और भाजपा दिल्ली के लोगों को इस षड्यंत्र की जानकारी देने के लिए घर-घर जाकर जागरूकता अभियान चलाएगी।
भाजपा राष्ट्रीय मुख्यालय में मीडिया से बात करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि शराब घोटाला सिर्फ पैसे कमाने का मसला नहीं है बल्कि पैसा कमाने के लिए दिल्ली की युवा पीढ़ी को नशे की लत में धकेलने का षड्यंत्र रचा गया। उन्होंने आगे कहा कि, एक ऐसी पार्टी जो दावा करती थी कि वह भारतीय राजनीति में एक नई राजनीति लेकर आएगी, उसने राजनीतिक भ्रष्टाचार करने के लिए दिल्ली की पूरी एक पीढ़ी और युवाओं को नशे में डुबोने से भी गुरेज नहीं किया। कमीशन बढ़ा दिया गया लेकिन सरकार का राजस्व घटा। ठेके की संख्या बढ़ी लेकिन पीने की उम्र को घटा दिया गया। आवासीय क्षेत्रों और स्कूलों के पास ठेके की संख्या बढ़ा दी गई लेकिन ड्राई डे कम कर दिया गया। यहां तक कि एक बोतल के साथ एक बोतल फ्री कर दी गई। शायद ही ऐसा कोई उदाहरण होगा जहां कोई सरकार एक बोतल शराब के साथ दूसरी बोतल मुफ्त दे रही हो। इसके अलावा ऐसा भी उदाहरण नहीं होगा जहां शिक्षा मंत्री ही शराब मंत्री हो। ये इनकी नई राजनीति थी।
त्रिवेदी ने कहा कि केजरीवाल सरकार ने दिल्ली में दारू का दरिया बहाने का काम किया है, दिल्ली के युवाओं को नशे की लत में धकेलने का काम किया है और इस षड्यंत्र को लेकर दिल्ली की जनता को जागरूक करने के लिए भाजपा आने वाले दिनों में जागरूकता अभियान चलाएगी ताकि दिल्ली के युवा और नागरिक इस षड्यंत्र को समझ सके।
दिल्ली भाजपा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने जागरूकता अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि भाजपा के कार्यकर्ता दिल्ली के सभी 256 मंडल और 13649 बूथों पर जाकर हर नागरिक का दरवाजा खटखटाकर उन्हें इस षड्यंत्र की जानकारी देगा। इसके अलावा इस जागरूकता अभियान के तहत भाजपा मोहल्ला सभाओं और दिल्ली की विभिन्न कालोनियों में आरडब्ल्यूए से भी संपर्क स्थापित करेगी।
–आईएएनएस











