नई दिल्ली । बिहार सरकार में मंत्री राम कृपाल यादव ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को बिल्कुल दुरुस्त बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शासन में अब तक कोई अपराधी बच नहीं पाया है और न ही भविष्य में कोई बच पाएगा। कोई भी व्यक्ति कानून से ऊपर नहीं है और कानून-व्यवस्था पर किसी भी हालत में सवाल नहीं उठाया जा सकता है।
विपक्ष की ओर से बिहार की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए जाने पर बिहार सरकार में मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि सरकार मजबूती और निर्णायक तरीके से काम कर रही है।
नई दिल्ली में आईएएनएस से बातचीत में उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार की सरकार में मजबूत कानून-व्यवस्था ने अपराधियों को छिपने को मजबूर कर दिया है।
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकाल को याद करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय अपराधी खुलेआम रंगदारी, लूट, हत्या, अपहरण आदि करते थे और महिलाएं घर से बाहर निकलने से डरती थीं। अब स्थिति इतनी सुधर गई है कि लोग रात में भी मरीन ड्राइव पर घूमने निकलते हैं। खास बात यह है कि तेजस्वी यादव भी अपने परिवार के साथ रात में घूमने के लिए निकलते हैं। राजद के कार्यकाल में लोग घूमने के लिए भी नहीं निकल पाते थे।
उन्होंने कहा कि बिहार में बहुत बदलाव आ गया है। राजद के आरोप लगाने से कुछ नहीं होता, बिहार की जनता अच्छी तरह जानती है कि कौन सही है और कौन गलत।
नितिन नबीन के भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर उन्होंने कहा कि देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना नितिन नबीन के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। यह बहुत गर्व की बात है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पटना से हैं। बिहार की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि रही है। यह पहला अवसर है जब बिहार का बेटा, पटना का बेटा भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बना है। मैं अपनी ओर से उन्हें ढेर सारी शुभकामनाएं देना चाहता हूं। मुझे विश्वास है कि जिस सोच के साथ पार्टी ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है, उसके आधार पर पार्टी का विस्तार पूरे देश में होगा।
उन्होंने कहा कि पटना समेत पूरे बिहार के भाजपा कार्यकर्ताओं को अपने अध्यक्ष पर गर्व हो रहा है, क्योंकि अब वे हम जैसे करोड़ों कार्यकर्ताओं के नेतृत्वकर्ता बन गए हैं। भाजपा में ही यह सब संभव हो सकता है।
–आईएएनएस











