नई दिल्ली:हम सब की जिंदगी में मौका है अच्छा बनने का। ऐसा कोई इंसान नहीं है जिससे गलतियां न हुई हो। समझदार वही है जो गलतियां न दोहराए। यह बात फिल्मी दुनिया के खलनायक रजा मुराद ने तिहाड़ जेल नंबर-5 में होली मिलन समारोह के दौरान कैदियों को संबोधित करते हुए कहा। तिहाड़ जेल नंबर-5 में तिहाड़ जेल प्रशासन व अधिकार मंच के तत्वावधान में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रिंस म्यूजिकल ग्रुप द्वारा रंगारंग कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम का शुभारंभ फिल्म अभिनेता रजा मुराद ने दीप प्रज्ज्वन कर किया। दीप प्रज्ज्वलन के मौके पर तिहाड़ जेल नंबर-5 के जेल सुपरिटेंडेंट अशोक रावत, डिप्टी सुपरिटेंडेंट सुनिता, अधिकार मंच के अध्यक्ष मोहन सिंह, महासचिव सतेंद्र त्रिपाठी के अलावा अन्य मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान करीब 1200 कैदी मौजूद रहे। इस दौरान कैदियों के साथ फूलों व गुलाल की होली खेली गई। इस मौके पर जेल सुपरिटेंडेंट अशोक रावत ने रजा मुराद को फूलों का गुलदस्ता देकर स्वागत किया। वहीं रजा मुराद व मंच के महासचिव सतेंद्र त्रिपाठी ने जेलर अशोक रावत को पंचमुखी हनुमान की प्रतिमा भेंट किया। डिप्टी जेल सुपरिटेंडेंट सुनिता को राधा-रानी की प्रतिमा भेंट की। इस मौके पर अधिकार मंच के सचिव बिनू गुप्ता, सदस्य मनोज शर्मा, पुनीत सिंह, बॉबी कॉल, पुजा शर्मा, सुजाता शर्मा व एडिशनल सुपरिटेंडेंट राजेश कुमार उपस्थित रहे।