नई दिल्ली: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा यूक्रेन के खिलाफ सैन्य अभियान शुरू करने के कारण बड़े संघर्ष के खतरे की आशंका के बीच भारत इस पूर्वी यूरोप के देश से अपने नागरिकों खासकर छात्रों की सहायता के उपायों पर ध्यान केंद्रित किये हुए है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि भारत, यूक्रेन में ‘तेजी से बदलती’ स्थिति पर करीबी नजर रखे हुए हैं और इस बात पर ध्यान केंद्रित किये हुए है कि किस प्रकार से भारतीयों की मदद की जा सकती है। यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों के लिए केंद्र सरकार ने एडवाइजरी जारी की है।
यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों से कहा है कि यूक्रेन में वर्तमान हालात काफी अनिश्चितताओं से भरे हुए हैं। आप अभी जहां पर भी हों, वहां शांति और सुरक्षा के साथ रहें। फिर चाहे वह आपका घर हो, हॉस्टल हो या फिर कहीं और। एडवाइजरी जारी करते हुए यूक्रेन की राजधानी कीव में स्थित भारतीय दूतावास ने आगे कहा, जो भी कीव की यात्रा कर रहे हैं, उन्हें सुझाव दिया जाता है कि वे वापस अपने शहर को लौट जाएं। इसके अलावा अन्य जानकारियों के लिए आगे के सुझाव जल्द जारी किए जाएंगे।