नई दिल्ली, 15 नवंबर ( आईएएनएस )। केंद्रीय राज्य मंत्री एवं उत्तर प्रदेश से भाजपा के राज्य सभा सांसद बी एल वर्मा ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा है कि उनकी पार्टी का नाम भले ही समाजवादी है लेकिन वास्तव में यह परिवारवादी पार्टी है। आईएएनएस से बात करते हुए केंद्रीय सहकारिता एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास राज्य मंत्री बी एल वर्मा ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि अखिलेश यादव को कभी भी अपने ऊपर भरोसा ही नहीं रहा है, इसलिए 2022 का विधान सभा चुनाव न तो हमारे लिए चिंता का विषय है और न ही कोई चुनौती है।
आईएएनएस से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 2017 के विधान सभा चुनाव के समय प्रदेश में अखिलेश की ही सरकार थी लेकिन उन्हें अपने आप पर ही भरोसा नहीं था इसलिए उस समय उन्होंने राष्ट्रीय लोकदल और कांग्रेस के साथ समझौता करके चुनाव लड़ा था। 2019 लोकसभा चुनाव के दौरान भी घबराए अखिलेश ने बसपा के साथ समझौता किया था । लेकिन दोनों बार ही प्रदेश की जनता ने भाजपा का साथ दिया।
अखिलेश के सरकार बनाने के दावे पर कटाक्ष करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अखिलेश यूपी में 400 से ज्यादा सीटें जीतने का दावा कर रहे हैं जबकि प्रदेश में कुल विधान सभा की सीट ही 403 है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अखिलेश इसी तरह से 2019 लोक सभा चुनाव में भी बसपा के साथ मिलकर सभी 80 सीटों पर जीत का दावा कर रहे थे लेकिन जनता ने 2019 में भी भाजपा को 64 सीटों पर विजयी बनाया था।
केंद्रीय मंत्री बी एल वर्मा ने कहा कि विपक्ष क्या कहता है, हम इसकी चिंता नहीं करते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के विकास के लिए, देश के स्वाभिमान और सम्मान के लिए दिन रात काम कर रहे हैं और हम लोग उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य कर रहे हैं और 2022 में फिर से प्रचंड बहुमत के साथ राज्य में सरकार बनाएंगे।
–आईएएनएस