भारत के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश से लेकर गोवा, मणिपुर, पंजाब और उत्तराखंड के विधानसभा चुनाव के नतीजे आज आ जाएंगे। इस चुनाव के नतीजे उत्तर प्रदेश में बीजेपी के मुख्यमंत्री उम्मीदवार योगी आदित्यनाथ से लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का राजनीतिक भविष्य तय कर सकते हैं। माना जा रहा है कि इस चुनाव में जो भी नतीजे सामने आएंगे, उसके इन प्रदेशों के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर काफ़ी दीर्घकालिक परिणाम होंगे।
सुबह 7:45 बजे स्ट्रॉन्ग रूम खुलने की प्रक्रिया शुरू हुई और हमेशा की तरह इस प्रक्रिया में पहले पोस्टल बैलट की गणना हुई। इसके बाद ईवीएम मशीनों की मदद से दिए गए मतों की गिनती शुरू हुई। इस दौरान तमाम राजनीतिक दलों के लोग मतगणना केंद्र पर मौजूद हैं।
बीती आठ जनवरी से शुरू हुई यूपी विधानसभा चुनाव प्रक्रिया का अंतिम पड़ाव गुरुवार 10 मार्च को मतगणना के साथ पूरा होगा। चूंकि इस बार पोस्टल बैलेट काफी ज्यादा तादाद में पड़े हैं इसलिए हर सीट के अंतिम परिणाम की घोषणा में देर हो सकती है।
चुनाव आयोग द्वारा पहली बार विधानसभा चुनाव में 80 साल से ज्यादा उम्र के बुजुर्ग, दिव्यांग, आवश्यक सेवाओं में लगे कार्मिक तथा चुनाव ड्यूटी में लगे कार्मिकों को पोस्टल बैलेट से मतदान करने की सुविधा दी गई। बुजुर्गों और दिव्यांगों को उनके अनुरोध पर घर ही पोस्टल बैलेट से मतदान करने की सहूलियत दी गई। यूपी के मूल निवासी दूसरे राज्यों व सीमा पर तैनात सैनिकों को मतदान की सुविधा के लिए सर्विस वोट आनलाइन जारी किए गए। सैनिकों ने डाक से मतपत्र अपने जिले में भेजे।
चूंकि इस बार पोस्टल बैलेट पिछले चुनावों की अपेक्षा ज्यादा पड़े हैं इसलिए इस बार एआरओ की संख्या बढ़ा दी गई है। हर मतगणना स्थल पर चुनाव आयोग द्वारा तैनात पर्यवेक्षक मौजूद हैं। प्रत्याशी के मतगणना एजेण्ट गड़बड़ी की शिकायत सीधे पर्यवेक्षक से कर सकेंगे। मतगणना की वीडियोग्राफी भी करवायी जाएगी। केन्द्रीय सुरक्षा बल की चौकसी रहेगी।











