बॉलीवुड की देशी गर्ल प्रियंका चोपड़ा के घर में किलकारी गूंजी है। 39 साल की प्रियंका शादी के तीन साल बाद सेरोगेसी से मां बनी है। यह उनका पहला बच्चा है। उन्होंने शुक्रवार रात 12 बजे इंस्टाग्राम पर यह खुशखबरी साझा करते हुए लिखा- हमें यह बताते हुए बेहद खुशी हो रही है कि हम सरोगेसी से हुए एक बच्चे का स्वागत कर रहे हैं। हम आप सभी से इस बेहद ख़ास मौक़े पर हमारी निजता को बनाए रखने का आदरपूर्वक अनुरोध करते हैं, जैसा कि अभी हम हमारे परिवार पर पूरी तरह से फ़ोकस हैं। आप सभी का बहुत धन्यवाद।
देशी गर्ल के इस पोस्ट के बाद उनके चाहने वालों के बीच खुशी छाई हुई है। सेलेब से लेकर आम लोग तक प्रियंका और निक को पेरेंट्स बनने के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं। गौरतलब है कि प्रियंका और निक की शादी साल 2018 में राजस्थान में पारंपरिक रीती-रिवाज के साथ हुई थी। इस शादी ने खूब चर्चा बटोरी थी। शादी के बाद प्रियंका अमेरिका शिफ्ट हो गई हैं। वे अपना अधिकतर समय यही बिताती हैं।
प्रियंका ने जैसे ही ये गुड न्यूज शेयर की इसके तुरंत बाद, बॉलीवुड सेलेब्स उन्हें बधाई देने लगे। अथिया शेट्टी, लारा भूपति, पूजा हेगड़े, नेहा धूपिया, हुमा कुरैशी, प्रज्ञा कपूर और अन्य कई सेलेब्स ने उनकी पोस्ट पर कॉमेंट कर बधाई दी है। वहीं, आलिया भट्ट, कार्तिक आर्यन, विक्की कौशल, अर्जुन कपूर, प्रनूतन और कई अन्य लोगों ने प्रियंका के पोस्ट को पसंद किया है।
——– इंडिया न्यूज़ स्ट्रीम