दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड से लोग बेहाल है। राष्ट्रीय राजधानी में शीतलहर की वजह से आज मौसम का सबसे ठंडा दिन रहा। आईएमडी के अनुसार राजधानी लोधी रोड पर 1.6 डिग्री सेल्सियस जबकि सफदरजंग 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने दिल्ली समेत कुछ राज्यों के लिए 3 दिनों तक का येलो अलर्ट भी जारी कर दिया है।
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी शीत लहर की स्थिति और कोहरे की वजह से मौसम काफी सर्द रहा। आईएमडी ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव में 18 जनवरी से 20 जनवरी तक न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी।
आईएमडी के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में पांच से नौ जनवरी तक भीषण शीतलहर चली जो एक दशक में इस महीने में प्रचंड शीतलहर की दूसरी सबसे लंबी अवधि रही। अभी तक इस महीने 50 घंटे तक घना कोहरा दर्ज किया गया जो 2019 के बाद से सबसे अधिक है। मैदानी हिस्सों में शीतलहर की घोषणा तब की जाती है, जब न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक गिर जाता है। भीषण शीतलहर की घोषणा तब की जाती है जब न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस तक गिर जाता है।