मुम्बई : “पान सिंह तोमर “मैंने गांधी को नहीं मारा “और “आई एम कलाम” जैसी चर्चित फिल्मों के संवाद लेखक और पत्रकार संजय चौहान का आज सुबह मुम्बई में निधन हो गया।वे 60 वर्ष के थे और पिछले तीन माह से लिवर सिरोसिस से पीड़ित थे।
उनके परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटी है।
भोपाल में जन्मे श्री चौहान ने “कलावार्ता” पत्रिका से अपने कैरियर की शुरुआत की थी। बाद में उन्होंने जेनयू में दाखिला ले लिया और हिंदी में एम ए करने बाद इंडिया टुडे संडे मेल जैसी पत्रिकाओं में काम किया।फिर वे मुम्बई चले गए और उन्होंने फिल्मों के लिए संवाद और पटकथा लिखना शुरू किया।
हज़ारों ख्वाहिशें ऐसी नामक फ़िल्म के संवाद से उनकी ख्याति बढ़ी।”सिसकियां” ,”पान सिंह तोमर” , “धूप और “साहब बीबी और गैंगस्टर “तथा “मैंने गांधी को नहीं मारा” फ़िल्म के लिए भी संवाद लिखे। इसके अलावा उन्होंने कुछ टीवी धारावाहिकों के लिए भी संवाद लिखे थे।
उनका अंतिम संस्कार आज दोपहर करीब एक बजे कर दिया गया। इस मौके पर स्थानीय फिल्मी पत्रकार लेखक और फ़िल्म से जुड़े लोग मौजूद थे।
–इंडिया न्यूज स्ट्रीम











