उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के छठे चरण के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चुनाव क्षेत्र गोरखपुर समेत 10 जिलों के 57 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान जारी है। इस चरण में दो करोड़ 14 लाख से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। इस चरण में 66 महिलाओं समेत कुल 676 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला होगा।
2017 के विधानसभा चुनाव में इन 57 सीटों में से 46 सीटें बीजेपी और दो सीटें उसके सहयोगी दलों अपना दल (एस) और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने जीती थी। हालांकि सुभासपा इस बार समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन करके चुनाव लड़ रही है।
छठवें चरण के दस जिलों में आंबेडकर नगर, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संतकबीरनगर, महराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया एवं बलिया जिलों के 57 विधानसभा क्षेत्रों में वोटिंग चल रही है।
इस चरण में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर सदर से, स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह (बांसी), बेसिक शिक्षा मंत्री सतीश द्विवेदी (इटवा), पूर्व श्रम मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य (फाजिलनगर) और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू (तमकुही राज) से चुनाव मैदान में हैं।
मतदान पर नजर रखने के लिए चुनाव आयोग ने 56 सामान्य प्रेक्षक, 10 पुलिस प्रेक्षक और 18 व्यय प्रेक्षक तैनात किए हैं। इसके अलावा 1680 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 228 जोनल मजिस्ट्रेट, 173 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा 2137 माइक्रो ऑब्जर्वर भी तैनात किए गए हैं। साथ ही राज्य स्तर पर एक वरिष्ठ सामान्य प्रेक्षक, एक वरिष्ठ पुलिस प्रेक्षक और दो वरिष्ठ व्यय प्रेक्षक भी तैनात किए गए हैं।
छठे चरण की 57 सीटों में 11 सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। इस चरण में कुल 2.14 करोड़ से अधिक मतदाता हैं। राज्य की 403 विधानसभा सीटों पर सात चरणों में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव में अब तक पांच चरणों में 292 सीटों पर मतदान हो चुका है।











