नई दिल्ली: 1988 बैच के आईपीएस अधिकारी सुजॉय लाल थाउसेन और अनीश दयाल सिंह ने सोमवार को क्रमश: केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और आईटीबीपी के महानिदेशक का पद संभाल लिया है। दोनों अधिकारियों का 2 दिन पहले केंद्र सरकार ने नियुक्ति आदेश निकाला था। डॉक्टर सुजॉय लाल थाउसेन सीआरपीएफ के 37वें प्रमुख बने हैं। वो मध्यप्रदेश कैडर के अधिकारी हैं। इसके पहले थाउसेन सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के महानिदेशक के रूप में कार्यरत थे और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे। थाउसेन ने एमपी पुलिस, एसपीजी, सीएपीएफ और यूएन मिशन में बोस्निया और हजेर्गोविना सहित विभिन्न पदों पर कार्य किया है।
वहीं दूसरी तरफ 1988 बैच के ही आईपीएस अधिकारी अनीश दयाल सिंह ने भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के महानिदेशक का पदभार ग्रहण कर लिया है। डॉ सुजॉय लाल थाउसेन ने बल मुख्यालय में उन्हें प्रथागत बैटन सौंपा। अनीश दयाल सिंह पर्वत-प्रशिक्षित विशिष्ट केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल आईटीबीपी के 32वें प्रमुख हैं।
जानकारी के मुताबिक थाउसेन की सेवानिवृत्ति अगले साल नवंबर में निर्धारित है, जबकि अनीश दयाल सिंह दिसंबर, 2024 में सेवानिवृत्त होंगे।
गौरतलब है कि लगभग 3.25 लाख कर्मियों वाले सीआरपीएफ को देश का सबसे बड़ा अर्धसैनिक बल माना जाता है। इसे प्रमुख आंतरिक सुरक्षा बल के रूप में नामित किया गया है। वहीं आईटीबीपी को 1962 में स्थापित किया गया था और मुख्य रूप से भारत-चीन सीमाओं की रक्षा के लिए तैनात किया गया था। आईटीबीपी 24 अक्टूबर को अपनी स्थापना के 60 वर्ष पूरे करने जा रहा है।
–आईएएनएस