बिजनौर (यूपी), 12 सितम्बर| बिजनौर जिले में 24 वर्षीय पूर्व राष्ट्रीय स्तर की खो-खो खिलाड़ी की कथित तौर पर हत्या कर दी गई है। वह बिजनौर में रेलवे स्टेशन के पास रेलवे स्लीपरों के बीच घायल अवस्था में मिली। पीड़िता के परिवार का आरोप है कि हत्या से पहले उसके साथ दुष्कर्म भी किया गया था। मामले की जांच कर रही रेलवे पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला रेप के बाद हत्या का मालूम पड़ता है।
लड़की की लाश के गले में उसी की चुनरी का फंदा लगा हुआ था। उसका एक दांत भी टूटा हुआ मुंह में फंसा मिला। लड़की लहूलुहान हाल में थी। मौका-ए-वारदात से साफ साफ नजर आ रहा था कि लड़की के साथ रेप करने के बाद उसकी हत्या की गई। वारदात के दौरान लड़की द्वारा खुद को बचाए जाने की असफल कोशिशें किए जाने के सबूत भी मौके पर नजर आ रहे थे। मामले की जांच कर रही रेलवे पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला रेप के बाद हत्या का मालूम पड़ता है। इसकी हालांकि तस्दीक पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से ही हो सकेगी।
हादसे का शिकार हुई लड़की ने साल 2016 में महाराष्ट्र में आयोजित खो-खो की नेशनल स्तर की प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। उस साल वो बिहार राज्य की खो-खो टीम में शामिल होकर खेलने गई थी। इसके अलावा लड़की इंटर यूनिवर्सिटी स्तर की भी कई खो-खो खेल प्रतियोगिताओं में भी हिस्सा ले चुकी थी।
मिली जानकारी के अनुसार कुटिया कॉलोनी निवासी पीड़िता शुक्रवार की सुबह एक स्कूल में बायोडाटा जमा करने के लिए घर से निकली थी। शुक्रवार की देर शाम तक जब वह नहीं लौटी और उसके परिवार ने उसका नंबर डायल किया तो उसका फोन स्विच ऑफ था।
इसके घंटों बाद, पीड़िता को उसकी महिला पड़ोसी ने देखा, जो रेलवे स्लीपरों के पास से गुजर रही थी। उसने देखा कि लड़की हांफ रही है और वह अर्धचेतन अवस्था में है। पीड़िता के गले में दुपट्टा बंधा हुआ था।
उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में पुलिस जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची।
पीड़िता का घर घटनास्थल से महज 30 मीटर की दूरी पर है।
पीड़िता की बहन ने कहा कि वह राष्ट्रीय खो-खो खिलाड़ी थी और नवंबर में उसकी शादी होनी थी।
अंचलाधिकारी शहर कुलदीप गुप्ता ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
नजीबाबाद राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।
इंडिया न्यूज स्ट्रीम