उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) कांग्रेस को बहुत बड़ा झटका देने जा रही है। पूर्व केन्द्रीय मंत्री कुंवर रतनजीत प्रताप नारायण (आरपीएन) सिंह ने कांग्रेस को अपना त्याग पत्र सौप दिया हैं।
कांग्रेस की मनमोहन सिंह सरकार में गृह राज्य मंत्री रहे आरएपीएन सिंह उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के स्टार प्रचारक थे। सिंह ने कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी को अपना त्याग पत्र सौंप दिया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और राहुल गांधी की टीम में प्रमुख चेहरा रहे आरपीएन सिंह बीजेपी का दामन थाम सकते हैं। दिलचस्प यह है कि एक दिन पहले ही कांग्रेस ने स्टार प्रचारकों की जो लिस्ट जारी की है उसमें आरपीएन सिंह का भी नाम है।
पार्टी की अध्यक्ष सोनिया गांधी को भेजे गए इस्तीफे में उन्होंने लिखा है कि आज देश में हम अपने महान गणराज्य के गठन का जश्न मना रहे हैं। इस अवसर पर मैं भी अपनी राजनीतिक यात्रा में एक नया अध्याय शुरू करता हूं। जय हिंद।
माना जा रहा है कि भारतीय जनता पार्टी उनको उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में टिकट भी दे सकती है। जितिन प्रसाद तथा आरपीएन सिंह उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का बड़ा और चर्चित चेहरा माने जाते हैं। जितिन प्रसाद के कांग्रेस छोड़ने के बाद अब आरपीएन सिंह भी जितिन की तरह ही भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो जाएंगे।
आरपीएन सिंह कुशीनगर के पडरौना के रहने वाले हैं। वह 1996 से 2009 तक पडरौना से कांग्रेस के विधायक रहे हैं। 2009 में वह कुशीनगर (तत्कालीन पडरौना लोकसभा) सीट से लोकसभा सांसद चुने गए। वह यूपीए-2 सरकार में सड़क परिवहन, पेट्रोलियम और गृह राज्य मंत्री भी रह चुके हैं।
आरपीएन सिंह पडरौना राजघराने से आते हैं और कुशीनगर के आसपास इस राजघराने की पकड़ बेहद मजबूत है। पडरौना सीट भी कुशीनगर जिले में ही है, जहां से स्वामी प्रसाद मौर्य लड़ते रहे हैं। 2009 के लोकसभा चुनाव में बीएसपी के टिकट पर लड़े स्वामी प्रसाद मौर्य को आरपीएन सिंह ने मात दी थी। हाल ही में बीजेपी छोड़कर सपा में गए स्वामी प्रसाद मौर्य के सीट का ऐलान नहीं हुआ है।
———–इंडिया न्यूज़ स्ट्रीम