नई दिल्ली: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लम्बे अरसे के बाद चुनावी रणनीतिकार व अपने पुराने साथी प्रशांत किशोर से देश की राजधानी दिल्ली में मुलाकात की है।दिल्ली दौरे पर गए सीएम नीतीश से प्रशांत किशोर ने मुलाकात की।मुलाकात के सवाल पर नीतीश कुमार ने कहा कि उनके प्रशांत किशोर से पुराने संबंध रहे हैं। दोनों के बीच ऐसे मुलाकात होते रही है।
प्रशांत किशोर देश की प्रमुख विपक्षी पार्टियों को साथ लेकर राष्ट्रपति चुनाव की तैयारियों में जुट गए हैं। सूत्रों के हवाले से खबर आ रही है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को विपक्षी दल मिलकर राष्ट्रपति उम्मीदवार बनाने की सोच रहे हैं।
हाल ही में तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव और प्रशांत किशोर की हैदराबाद में मुलाकात हुई थी। इस मुलाकात के दौरान ही राष्ट्रपति चुनाव को लेकर चर्चा शुरू हुई थी। कहा जा रहा है कि इसी दौरान तय हुआ कि राष्ट्रपति चुनाव को लेकर सभी विपक्षी पार्टियों को मंच पर लाया जाए। साथ ही किसी ऐसे चेहरे को इस पद के लिए आगे किया जाए जो सबके लिए स्वीकार्य हो।
हालांकि, प्रशांत किशोर ने बातचीत में कहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को कोविड हो गया था। उसके बाद वे पहली बार दिल्ली आए हैं। लिहाजा उनसे मुलाकात करने गए थे। जब उनको कोविड हुआ था उस समय भी हमने फोन पर बात की थी।इसके अलावे और कोई बात सीएम नीतीश कुमार से नही हुई है।
जदयू में शामिल होने के बाद सीएम नीतीश ने प्रशांत किशोर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बना दिया था। लेकिन कुछ समय बाद ही जेडीयू के वरिष्ठ नेताओं से प्रशांत किशोर की तल्खी हो गई। रिश्तों में आई तल्खी के बाद प्रशांत किशोर ने जदयू छोड़ दिया था।चुनावी रणनीतिकार के अपने पेशेवर रूप में प्रशांत किशोर अलग अलग पार्टियों के लिए काम करने लगे। हाल के दिनों तक वे बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से जुड़े रहे।
———इंडिया न्यूज़ स्ट्रीम











