नई दिल्ली : देश में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहें हैं। कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए कई राज्यों में सख्त पाबंदियों को लागू किया गया और कई प्रदेशों में विकेंड कर्फ्यू भी लगाया गया है। जैसे जैसे कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं वैसे वैसे राज्य सरकारें नए-नए प्रतिबंधों की घोषणाएं भी कर रही हैं। अब कोरोना संक्रमण का असर विश्व पुस्तक मेले पर भी नज़र आ रहा है। नेशनल बुक ट्रस्ट ने 8 जनवरी 2022 से होने वाले नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेले को फिलहाल स्थगित कर दिया है। एनबीटी का कहना है कि हालात सामान्य होने पर पुस्तक मेले की नई तारीखों की घोषणा की जाएगी।
एनबीटी (नेशनल बुक ट्रस्ट) द्वारा जारी एक प्रेस रिलीज में कहा गया है कि डीडीएमए के दिशानिर्देशों को देखते हुए नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेला 2022 को स्थगित कर दिया गया है। नई तारीखों की घोषणा बाद में की जाएगी। नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेला 2022 नई दिल्ली के प्रगति मैदान में नए अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनी केंद्र में 8 जनवरी से 16 जनवरी 2022 तक आयोजित होने वाला था।
एनबीटी (नेशनल बुक ट्रस्ट) के चेयरमैन गोविंद प्रसाद शर्मा ने जानकारी देते हुए कहा कि कोविड को देखते हुए नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेला 2022 को स्थगित कर दिया गया है। शिक्षा मंत्रालय को एनबीटी ने मई के पहले या दूसरे अथवा सितंबर में दूसरे या तीसरे सप्ताह में विश्व पुस्तक मेले का आयोजन करने का सुझाव भेजा है। शिक्षा मंत्रालय से हरी झंडी मिलने के बाद आईटीपीओ से इस दौरान प्रगति मैदान में जगह खाली मिलने पर तिथियों की घोषणा कर दी जाएगी।