दिल्ली नगर निगम चुनावों में व्यापारियों की अहम भूमिका को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी व्यापारियों के साथ 100 से ज्य़ादा नुक्कड़ और छोटी सभाएं करने जा रही है। व्यापारी समाज के प्रतिनिधियों के साथ बैठक के बाद दिल्ली भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा से व्यापारियों के हितों का ध्यान रखा है, इसी वजह से व्यापारियों का लंबा साथ भाजपा के साथ रहा है। उन्होने कहा प्रधान मंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की सरकार ने व्यापारियों के लियें व्यापार प्रमोशन के नये अवसर उत्पन्न किये हैं और हम जैसे जैसे चुनाव प्रचार मे जा रहे हैं व्यापारियों का व्यापक स्नेह समर्थन हमे मिल रहा है।
व्यापारियों के साथ कार्यक्रम संयोजक नरेश कुमार ऐरन ने कहा कि हम इन छोटी बैठकों का आगाज 23 नवंबर बुध विहार से करने जा रहे हैं। इसमें हम इलाके के सभी व्यापारियों को बुलाकर उनसे चुनावों के बारे में चर्चा करेंगे। इसी तरह हम संवाद कार्यक्रम भी करने जा रहे हैं। ऐरन ने कहा कि निगम चुनावों को देखते हुए व्यापारी समाज में भाजपा का अच्छा माहौल है। हम इन नुक्कड़ सभाओं में भारतीय जनता पार्टी की नीतियों को समाने रखेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा के संकल्प पत्र में व्यापारियों ने बढ़चढ़कर हिस्सा लिया है। बड़ी संख्या में व्यापारियों ने अपने सुझाव भाजपा के संकल्प पत्र में दिए हैं। जिनको भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में शामिल किया है।
ऐरन ने बताया कि भाजपा ने 30 से ज्य़ादा व्यापारी समाज के लोगों को उम्मीदवार बनाया है और दिल्ली की लगभग 200 सीटों पर व्यापारी समाज का असर होता है।