नई दिल्ली: रूस ने यूक्रेन पर हमला कर दिया है। राष्ट्रपति व्लादीमीर पुतिन ने चेतावनी दी है कि अगर किसी ने इसमें दखल देने की कोशिश की, तो उसका अंजाम बुरा होगा। पुतिन ने कहा कि यूक्रेन-रूस युद्ध को टाला नहीं जा सकता। पुतिन के जंग के ऐलान के बाद यूक्रेन में कई जगह धमाके सुने गए हैं। यूक्रेन की राजधानी कीव पर तो क्रूज और बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला होने की जानकारी मिली है।
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बायडेन ने कहा , ‘इस हमले से होने वाली मौतों और तबाही के लिए रूस अकेला जिम्मेदार है। अमेरिका और उसके सहयोगी एकजुट और निर्णायक तरीके से जवाब देंगे। दुनिया इसके लिए रूस को जवाबदेह ठहराएगी।’
उन्होंने कहा-‘मैं आज शाम व्हाइट हाउस से स्थिति की निगरानी करूंगा और अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा टीम से नियमित अपडेट प्राप्त करूंगा। कल, मैं सुबह अपने जी 7 समकक्षों से मिलूंगा।।। हम अपने नोटो सहयोगियों के साथ समन्वय करेंगे।’
रूस के सैन्य हमले शुरू करने पर बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति ने देश में ‘मार्शल लॉ’ लगाने की घोषणा की है। उन्होंने यूक्रेन में रह रहे नागरिकों से नहीं घबराने का आग्रह किया है।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए यूक्रेन के विदेश मंत्रालय की तरफ से ट्विटर पर कहा गया, पुतिन ने बड़े पैमाने पर यूक्रेन के खिलाफ युद्ध की घोषणा कर दी है। यूक्रेन के शांतिपूर्ण शहरों पर हमले हो रहे हैं। यह आक्रामक युद्ध है। यूक्रेन भी अपना बचाव करेगा और जीतेगा। दुनिया को पुतिन को रोकना ही होगा। यह कुछ करने का समय है।
पिछले कई दिनों से रूस व यूक्रेन के बीच तनाव बरकरार था। इसको लेकर यूरोप सहित पश्चिमी देशों ने दोनों देशों को बातचीत के स्तर से हल ढूंढने को कहा था। इसी बीच रूस ने यूक्रेन के 2 इलाकों को अलग देश के रूप में मान्यता दे दी थी। इसके बाद यूरोप सहित अमेरिका व अन्य देशों ने रूस पर कई प्रतिबंध लगा दिए थे।
रूस के हमले को लेकर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा है कि मैं यूक्रेन में भयावह घटनाओं से चकित हूं। मैंने अगले कदमों पर चर्चा करने के लिए राष्ट्रपति जेलेंस्की से बात की है। राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन पर इस बिना वजह के हमले की शुरुआत करके रक्तपात और विनाश का रास्ता चुना है। यूके और हमारे सहयोगी देश इसका निर्णायक जवाब देंगे।
रूस के यूक्रेन पर सैन्य कार्रवाई के आदेश के बाद भारत ने शांति की अपील की है। भारत का कहना है कि दोनों देश बातचीत के जरिए हल निकालें। इस बीच यूक्रेन से दूसरी फ्लाइट से भारतीय छात्र वापस लौट गए हैं।
———— इंडिया न्यूज़ स्ट्रीम