पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने बड़ा ऐलान कर दिया है। पार्टी ने पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह की पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस के साथ मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ने का फैसला लिया है। दोनों दलों के बीच 7 राउंड की वार्ता के बाद यह फैसला हुआ है। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने शुक्रवार को एक बार फिर से कैप्टन अमरिंदर सिंह से मुलाकात की और इसमें भाजपा और लोक कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर डील पक्की हो गई।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे दोनों दलों के बीच काफी दिनों से बात चल रही थी। पंजाब विधानसभा चुनाव में हम बीजेपी के उम्मीदवारों का समर्थन करेंगे। वो हमारे प्रत्याशियों का समर्थन करेगी। हालांकि कौन सा दल किस सीट पर चुनाव लड़ेगा, इस पर अभी उन्होंने कुछ जानकारी नहीं दी।
गौरतलब है कि कृषि कानूनों की वापसी के बाद अमरिंदर सिंह और बीजेपी के बीच नजदीकियां बढ़ी थीं। अमरिंदर सिंह ने गृह मंत्री अमित शाह से भी पहले मुलाकात की थी। पंजाब में यूपी, उत्तराखंड जैसे राज्यों के साथ अगले साल फरवरी मार्च के बीच चुनाव होना है। हालांकि सभी दलों ने जोरशोर से तैयारियां अभी से शुरू कर दी हैं।
पंजाब में मुख्यमंत्री पद से हटाए जाने के बाद अमरिंदर सिंह से कांग्रेस से अपना 40 साल पुराना नाता तोड़ लिया था। अमरिंदर सिंह ने कहा था कि उन्हें बुरी तरह अपमानित करके मुख्यमंत्री पद से हटाया गया।
दिल्ली में गजेंद्र सिंह शेखावत से मुलाकात के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह ने गठबंधन का ऐलान किया। अमरिंदर सिंह ने कहा कि भाजपा के साथ हमारा गठबंधन तय हो गया है। सिर्फ सीट शेयरिंग पर अब आगे बात होनी है। हम देखेंगे कि कौन कहां से लड़ सकता है और किसकी जीतने की कितनी संभावना है। जीतने की उम्मीद ही सीटों के बंटवारे की पहली शर्त होगी। सूत्रों का कहना है कि भाजपा दशकों तक पंजाब में अकाली दल के साथ गठबंधन में जूनियर पार्टनर थी। इस बार वह कैप्टन अमरिंदर सिंह की पार्टी के साथ सीनियर पार्टनर के रोल में रहना चाहती है। इससे साफ है कि भाजपा की ओर से कैप्टन अमरिंदर सिंह से ज्यादा सीटों की मांग की जाएगी।
———- इंडिया न्यूज़ स्ट्रीम