नई दिल्ली: दिल्ली और पंजाब में प्रदूषित हवा के लिए आम आदमी पार्टी सरकार को जिम्मेदार बताते हुए भाजपा ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के इस्तीफे की मांग की है।
भाजपा मुख्यालय में मीडिया से बात करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने केजरीवाल और मान पर प्रदूषण के मामले में आपराधिक लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पराली के जलने की वजह से होने वाले प्रदूषण को कम करने के लिए सबसे ज्यादा आर्थिक सहायता देने और केंद्र सरकार द्वारा बार-बार याद दिलाए जाने के बावजूद भगवंत मान सरकार ने 1 लाख 20 हजार मशीनों का इस्तेमाल ही नहीं किया।
केजरीवाल और मान को देश का सबसे बड़ा गैर-जिम्मेदार नेता बताते हुए भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि दोनों मुख्यमंत्री अपनी जिम्मेदारी निभाने की बजाय प्रचार में व्यस्त है। पंजाब में पराली जलाना अपराध है लेकिन इसके बावजूद प्रदेश में आप की सरकार बनने के बाद पराली जलाने की घटना में 33.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है और भगवंत मान सरकार कुछ नहीं कर रही है।
केजरीवाल और मान पर दिल्ली और पंजाब की जनता को लूटने का आरोप लगाते हुए भाटिया ने कहा कि हवा में जहर के लिए ये दोनों नेता जिम्मेदार है और भाजपा की यह मांग है कि इन्हें लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ नहीं करना चाहिए और अगर इनसे नहीं हो पा रहा है तो इन दोनों को अपने-अपने पदों से इस्तीफा से देना चाहिए।
केजरीवाल को फेफड़ों का सबसे बड़ा दुश्मन करार देते हुए भाटिया ने आरोप लगाया कि केजरीवाल सरकार में भ्रष्टाचार फूल है लेकिन जवाबदेही गुल है।
–आईएएनएस