अरुणाचल प्रदेश में सेना के 7 जवान शहीद हो गए हैं। घटनास्थल से सभी 7 जवानों के शव बरामद कर लिए गए हैं। अरुणाचल के कामेंग सेक्टर में हिमस्खलन होने से सभी जवान फंस गए थे। 2 दिन पहले 6 फरवरी को बर्फीले तूफान में ये सभी जवान फंस गए थे। अब इनके शव बरामद हुए हैं। भारतीय सेना ने ये जानकारी दी है।
सेना ने खोज और बचाव दल को घटनास्थल के लिए एयरलिफ्ट किया था। सेना ने एक बयान में कहा कि क्षेत्र में पिछले कई दिनों से भारी बर्फबारी के साथ खराब मौसम की सूचना मिल रही है।
दिरांग पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी थिनले ने कहा था कि मैमी हट के निकट क्षेत्र में हिमस्खलन में 19 जेएके राइफल्स के सात सैन्यकर्मी कथित तौर पर फंस गए। घटना के बाद सेना के अधिकारियों ने जंग पुलिस स्टेशन में घटना की सूचना दी थी। यह इलाका काफी दुर्गम है और बर्फबारी के कारण सभी रास्ते बंद हो गए हैं।
इसके तुरंत बाद, तेजपुर स्थित रक्षा पीआरओ लेफ्टिनेंट कर्नल हर्षवर्धन पांडे ने कहा था कि एक खोज और बचाव अभियान चलया जा रहा है। लेफ्टिनेंट कर्नल ने कहा कि बचाव अभियान में मदद के लिए विशेष टीमों को एयरलिफ्ट किया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा कि अरुणाचल प्रदेश में हिमस्खलन के कारण भारतीय सेना के जवानों की जान जाने से दुखी हूं। हम अपने देश के लिए उनकी अनुकरणीय सेवा को कभी नहीं भूलेंगे। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश के केमांग सेक्टर में हिमस्खलन की चपेट में आए सेना के जवानों के निधन से गहरा दुख हुआ। इन वीर जवानों ने देश की सेवा करते हुए अपनी जान गंवाई। मैं उनके साहस और सेवा को सलाम करता हूं। उनके शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।