नई दिल्ली: वरिष्ठ कांग्रेस नेता ऑस्कर फर्नांडिस का 80 साल के उम्र में सोमवार को निधन हो गया। फर्नांडिस लंबे वक्त से बीमार चल रहे थे और मंगलुरु के येनेपॉय अस्पताल में भर्ती थे। उनके निधन पर कांग्रेस नेता श्रीनिवास बीवी ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ऑस्कर फर्नांडीस के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ। महान ज्ञान और दृढ़ संकल्प के व्यक्ति थे।
मूल रूप से उडुपी के रहने वाले ऑस्कर फर्नांडीज 1980 में पहली बार एमपी बने थे। यूपीए सरकार में केंद्रीय मंत्री रहने के दौरान सड़क, यातायात और हाईवे, श्रम और रोजगार, सांख्यिकी और प्रोग्राम इंप्लीमेंटेशन और विदेश मामलों के कैबिनेट और राज्य मंत्री थे। ऑस्कर फर्नांडीज इंदिरा गांधी के परिवार के बेहद करीबी थे। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी, उनकी पत्नी सोनिया और बेटे राहुल गांधी से भी उनकी खासी बनती थी। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी में उन्होंने विभिन्न पदों पर काम किया। वह नेशनल हेराल्ड के छह ट्रस्टीज में भी शामिल थे।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘ऑस्कर फर्नांडिस जी के परिवार और मित्रों के प्रति मेरी संवेदनाएं। यह मेरे लिए एक व्यक्तिगत क्षति है। वह कांग्रेस पार्टी में हम में से कई लोगों के लिए एक मार्गदर्शक और मेंटॉर थे। उन्हें उनके योगदान के लिए हमेशा याद रखा जाएगा।’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑस्कर फर्नांडीस के निधन पर दुख व्यक्त किया है. पीएम ने कहा, राज्यसभा सांसद ऑस्कर फर्नांडीस के निधन से दुखी हूं। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके परिवार और शुभचिंतकों के साथ हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें।
————इंण्डिया न्यूज़ स्ट्रीम











