नई दिल्ली: भारत इस साल आजादी की 75वीं वर्षगांठ मना रहा है। 15 अगस्त, 2022 को हमें आजादी मिले हुए 75 साल हो रहे हैं। आजादी के अमृत महोत्सव के मौके पर देशभर में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आजादी की 75वीं वर्षगांठ को यादगार बनाने के लिए सरकार ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चला रही है। इसके लिए देशभर के 25 करोड़ से ज्यादा घरों में तिरंगा फहराया जाना है। तिरंगा अभियान में लोग काफी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।
अमृत महोत्सव अंर्तगत हर घर तिरंगा अभियान के तहत डाक विभाग भी ऑनलाइन आर्डर पर घर तक तिरंगा पहुंचाने का काम कर रहा है। हर घर तिरंगा अभियान का मकसद देश के नागिरकों को एकजुट करना और उनके दिलों में देशभक्ति की भावना भरना है। इसके साथ ही इस अभियान से राष्ट्र ध्वज के प्रति लोगों में जागरूकता भी बढ़ेगी। इस अभियान का मकसद ही हर भारतवासी को अपने घर में तिरंगा फहराने के लिए ज्यादा से ज्यादा प्रोत्साहित करना है।
योजना की जानकारी देते हुए डाकघर के अधिकारियों ने बताया कि ऑनलाइन के अलावा तिरंगा बिक्री के लिए प्रधान डॉक घर में काउंटर भी बनाया गया है जहां 25 रुपए देकर तिरंगा प्राप्त किया जा सकता है। पोस्ट ऑफिस की वेबसाइट www.epostoffice.gov.in पोर्टल पर जाकर घर बैठे तिरंगा खरीदा जा सकता है। ऑनलाइन बुक करने पर भी राष्ट्रीय झंडा 25 रुपए में उपलब्ध हो जाएगा।
सरकार ने हाल ही में राष्ट्रीय ध्वज फहराए जाने को लेकर नियमों में बदलाव किया है। पहले जहां सूर्योदय से सूर्यास्त तक ही झंडे को फहराया जा सकता था, तो अब नए नियमों के तहत रात के समय में भी तिरंगे को फहराने की अनुमति दे दी गई है।
————- इंडिया न्यूज स्ट्रीम