व्यापार मेले में कुदुंबश्री स्टॉल
नई दिल्ली में चल रहे व्यापार मेला आईआईटीएफ-2022 में केरल पैवेलियन का कुदुंबश्री स्टॉल लोगों को लुभाने के लिए तैयार है। यहां दक्षिण भारत के कई शानदार डिश का आनंद लिया जा सकेगा। हालांकि कोई भी यहां मिलने वाले स्वाद के पीछे के रहस्य को नहीं जान पाएगा। असल में यह महिलाओं के स्वयं सहायता समूह के समर्पण का परिणाम है, जो पिछले 24 वर्ष से इसे संचालित कर रही हैं।
इन महिलाओं का सफर बहुत आसान नहीं रहा है। 1998 में शुरुआत से अब तक उन्हें कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा है। महामारी के कारण पिछले दो साल और भी ज्यादा चुनौतीपूर्ण रहे थे। हालांकि इन महिलाओं ने अपने अथक परिश्रम से आज एशिया का सबसे बड़ा महिला स्वयं सहायता समूह बना लिया है। इनके सक्रिय सदस्यों की संख्या 45 लाख है। केरल पैवेलियन में कुदुंबश्री स्टॉल में आपको कई तरह के मसाले, नारियल तेल, कॉफी, मुन्नार की पहाड़ियों से आई चाय, ड्रायड फिश और अचार से लेकर नारियल के छिलकों से बने रसोई के बर्तन, आयुर्वेदिक तेल जैसे कई उत्पाद मिलेंगे। यह स्टॉल 19 से 27 नवंबर तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा।