गणतंत्र दिवस समारोह में राजपथ पर आयोजित होने वाली झांकी में शामिल हरियाणा के कलाकार।
नई दिल्ली: गणतंत्र दिवस समारोह 2022 के दिन राजपथ पर चलने वाली झांकियों में हरियाणा राज्य की झांकी खेल के क्षेत्र में भारत के गौरव का प्रदर्शन करती दिखाई देगी। ‘हरियाणा खेलों में नंबर वन’ की थीम पर तैयार हरियाणा राज्य की झांकी पर सवार अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की मौजूदगी इसे दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनाएगी। इससे पूर्व वर्ष 2017 में गणतंत्र दिवस समारोह के लिए ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ की थीम पर हरियाणा की झांकी का चयन किया गया था।
टोक्यों ओलंपित-2020 में भारत को प्राप्त कुल 7 पदकों में से हरियाणा के खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत वर्ग में एकमात्र स्वर्ण पदक सहित 4 पदक जीते। सम्मान के प्रतीक के रूप में, हरियाणा सरकार ने टोक्यो ओलंपिक में भाग लेने वाले राज्य के खिलाड़ियों को 25.40 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया। इसी प्रकार टोक्यो पैरालंपिक-2020 में देश का मान बढ़ाने वाले हरियाणा के खिलाड़ियों को 28.15 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार दिए गए।
भारतीय संस्कृति और सभ्यता को संजोने के अलावा वैदिक भूमि हरियाणा ने कपिल देव, नीरज चोपड़ा, रानी रामपाल, साक्षी मलिक, योगेश्वर दत्त सहित कई अन्य उत्कृष्ट खिलाड़ी देश को दिए हैं। खेल के क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले हरियाणा राज्य की झांकी के माध्यम से देश के सभी राज्यों व अन्य राष्ट्रों को न केवल हरियाणा की खेल प्रतिभाओं से नई प्रेरिणा मिलेगी बल्कि वे इस छोटे से राज्य की बड़ी उपलब्धियों के साक्षी भी होंगे, जो सभी क्षेत्रों में विकास की लंबी दूरी पार कर चुका है।