लॉस एंजेलिस: लॉस एंजेलिस गोलीबारी के संदिग्ध ने खुद को गोली मार ली है। जानकारी के अनुसार, पुलिस का कहना है कि लॉस एंजेलिस सामूहिक गोलीबारी के संदिग्ध ने पुलिस द्वारा घेरे जाने के बाद खुद को वैन में गोली मार ली है।
बता दें कि अमेरिका के लॉस एंजेलिस के बॉलरूम डांस क्लब में गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया था। इस गोलीबारी में अब तक 10 लोगों की मौत हो गई है। जिसके बाद से ही पुलिस घटना के आरोपी की तलाश कर रही थी। जानकारी के अनुसार, पुलिस ने संदिग्ध की घेराबंदी की थी। जिसके बाद उसने पुलिस से बचने के लिए खुद को वैन में ही गोली मार ली।
लॉस एंजिल्स काउंटी शेरिफ रॉबर्ट लूना ने मृत व्यक्ति की पहचान 72 वर्षीय हू कैन ट्रान के रूप में की और कहा कि कोई अन्य संदिग्ध फरार नहीं है। उन्होंने कहा कि हमले का मकसद स्पष्ट नहीं है, जिसमें 10 लोग मारे गए और कई घायल हुए।
पुलिस को एक मैगजीन से भरी सेमी-ऑटोमैटिक असॉल्ट पिस्टल भी वैन में मिली है, पुलिस को संदेह है कि इसी से ही लॉस एंजेलिस में घटना को अंजाम दिया गया था। हालांकि, पुलिस की ओर से इसे लेकर कोई पुष्टि नहीं की गई है।
वहीं, राष्ट्रपति बाइडन ने भी घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि वह और प्रथम महिला जिल बाइडन उन लोगों के बारे में सोच रहे हैं, जो गोलीबारी में मारे गए और घायल हुए हैं। राष्ट्रपति ने संघीय अधिकारियों को जांच का समर्थन करने का निर्देश दिया है।
वहीं, लॉस एंजेलिस घटना पर कांग्रेस महिला जूडी चू ने कहा मेरे मन में अभी भी कई सवाल हैं, इस शूटर का मकसद क्या था? क्या उसे कोई मानसिक बीमारी थी? क्या वह एक घरेलू हिंसा दुर्व्यवहार करने वाला था? उसे ये बंदूकें कैसे मिलीं और क्या यह कानूनी माध्यम से थी या नहीं।