BJP Flag.
नई दिल्ली :कांग्रेस ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए तीन राज्यों के प्रभारी बदल दिए हैं। इसमें राजस्थान, हरियाणा और छत्तीसगढ़ शामिल हैं। पंजाब के पूर्व मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा को राजस्थान, कुमारी शैलजा को छत्तीसगढ़ का और शक्ति सिंह गोहिल को दिल्ली के अलावा हरियाणा का भी प्रभारी बनाया गया है। नई नियुक्तियों को लेकर महासचिव केसी वेणुगोपाल ने पत्र जारी किया है।
पार्टी अजय माकन, पीएल पुनिया और विवेक बंसल के योगदान की सराहना करती है और उन्हें उनके संबंधित राज्यों के महासचिव और प्रभारियों के रूप में उनकी जिम्मेदारियों से मुक्त करती है। आदेश में यह भी कहा गया है कि कांग्रेस अध्यक्ष ने गुरदीप सिंह सप्पल को पवन कुमार बंसल के साथ लगाया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री बंसल वर्तमान में पार्टी के कोषाध्यक्ष हैं और प्रशासनिक विभाग के प्रभारी भी हैं।
कांग्रेस के बाद भाजपा भी अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों और उसके बाद 2024 के लोकसभा चुनाव के मद्देनजर आधे राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष बदलने की तैयारी कर चुकी है। नए प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा इसी महीने हो सकती है। जिन राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष बदले जा सकते हैं, उनमें राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, प. बंगाल, ओडिशा, दिल्ली, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, गोवा आदि शामिल हैं।
भाजपा मुख्यालय में दो दिन चलने वाली पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में इन मुद्दों पर चर्चा होगी।